पाटी नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष व सभासदों ने ली शपथ, विकास की मजबूत नींव रखने का संकल्प
चम्पावत। ग्रामीण क्षेत्र से नगर पंचायत के रूप में अस्तित्व में आई पाटी नगर पंचायत में बुधवार को नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। सादे लेकिन गरिमामय समारोह में उप जिलाधिकारी नितेश डागर ने जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नगर पंचायत पाटी में अध्यक्ष सहित चार वार्ड सदस्य निर्वाचित हुए हैं। शपथ लेने वालों में अध्यक्ष नारायण लाल के साथ सभासद शांति देवी, बबलू पाटनी, नवल पंचोली और संगीता शामिल रहे। शपथ ग्रहण के बाद सभी जनप्रतिनिधियों ने जनता और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
समारोह से पूर्व नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं सभासदों ने उप जिलाधिकारी का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन भगवान राम ने किया। इस अवसर पर अध्यक्ष नारायण लाल ने कहा कि वह सभी जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर पाटी नगर पंचायत के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगे तथा ऐसी मजबूत नींव रखेंगे, जिस पर क्षेत्रवासियों की अपेक्षाएं और भावनाएं पूरी तरह आधारित हों।
शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित लोगों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और सभासदों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। हालांकि नगर पंचायत बनने जैसी ऐतिहासिक उपलब्धि के बावजूद समारोह में अपेक्षित जनभागीदारी देखने को नहीं मिली। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी मोहित मेहता, राजू बोरा, पूर्व तहसीलदार भगीरथ सौराड़ी, घनश्याम पचौली, लवी पाटनी, रमेश गोस्वामी, मदन पचौली, राजेंद्र गहतोड़ी, रंगकर्मी सुरेश राजन तथा भैरव राय सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
गौरतलब है कि दो ग्राम पंचायतों को मिलाकर गठित पाटी नगर पंचायत की आबादी लगभग 3300 है। नगर पंचायत गठन को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत के गठन के लिए वर्षों तक संघर्ष करने वाले कई वरिष्ठ नागरिकों और समाजसेवियों को शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया। लोगों का मानना है कि ऐसे ऐतिहासिक अवसर क्षेत्र के विकास की भावी दिशा तय करने और व्यापक जनसंवाद के लिए महत्वपूर्ण होते हैं।

