निर्मल माहरा बने पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के निर्विरोध अध्यक्ष
लोहाघाट में भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाली वाहन रैली, आतिशबाजी कर बांटी मिठाई; पिता हयात सिंह माहरा भी रह चुके हैं डीसीबी अध्यक्ष
चम्पावत। भाजपा के प्रदेश मंत्री नरेंद्र मोहन माहरा (निर्मल माहरा) पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक (डीसीबी) के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। वहीं पिथौरागढ़ के कुमौड़ निवासी उमेश सिंह महर निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए। 11 सितंबर को हुए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रतिनिधि पदों के चुनाव में अध्यक्ष पद पर निर्मल माहरा एकमात्र प्रत्याशी होने के चलते उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। उनके अध्यक्ष बनने की खुशी में लोहाघाट में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर जमकर जश्न मनाया।

निर्मल माहरा के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पाटन पुल लोहाघाट से मीना बाजार तक वाहन रैली निकाली। इस दौरान आतिशबाजी करने के साथ ही मिष्ठान वितरित कर खुशी जताई गई। बाराकोट क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले निर्मल माहरा के पिता स्वर्गीय हयात सिंह माहरा भी पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष निर्मल माहरा ने कहा कि वह अपने पिता के बताए रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने निर्वाचन के लिए डीसीबी सदस्यों, भाजपा कार्यकर्ताओं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। जश्न में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली, भाजपा मंडल अध्यक्ष गिरीश कुंवर, सतीश पांडेय, गोविंद बोहरा, पप्पू वर्मा, सचिन जोशी, जीवन गहतोड़ी, नन्नू वर्मा, सुरेंद्र बोहरा, जगदीश वर्मा, राजू बिष्ट, कमलेश जोशी, मनोज राय समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

