नवीनतमपौड़ीशिक्षा

गढ़वाल विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में ‘जय हो’ का परचम, हिमांशु भंडारी बने अध्यक्ष

ख़बर शेयर करें -

हिमांशु ने भुवन चमोली को 1505 मतों से हराया, एनएसयूआई के मयंक अग्रवाल महासचिव निर्वाचित; 8776 में से 5203 छात्रों ने किया मतदान

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। अध्यक्ष पद पर जय हो संगठन के हिमांशु भंडारी ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भुवन चमोली को 1505 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। हिमांशु को 3301, जबकि भुवन चमोली को 1796 मत मिले। वहीं उपाध्यक्ष पद पर छात्रम संगठन के पुलकित अग्रवाल और महासचिव पद पर एनएसयूआई के मयंक अग्रवाल ने जीत दर्ज की।

Ad Ad

चुनाव परिणामों के अनुसार उपाध्यक्ष पद पर पुलकित अग्रवाल को 2091 और प्रीति वर्मा को 2046 वोट मिले। महासचिव पद पर मयंक अग्रवाल ने 2708 मत हासिल कर पंकज फर्स्वाण को 333 मतों से हराया। सह सचिव पद पर अमन कुनियाल 1694 मतों के साथ विजयी रहे, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी निशा को 1652 वोट मिले। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर आइसा के युवराज तथा छात्रा प्रतिनिधि पद पर सुनिधि सिंह विजयी रहीं। कोषाध्यक्ष पद पर रामरूप गुजर निर्विरोध चुने गए, जबकि कार्यकारिणी सदस्य पद पर ऋतुराज, अंकुर यादव, नवनीत कुमार और अभिराज नेगी निर्विरोध निर्वाचित हुए। बिड़ला परिसर में कुल 8776 मतदाता थे, जिनमें से 5203 विद्यार्थियों ने मतदान किया। मतदान से लेकर मतगणना तक पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. एम.सी. सती ने सभी विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्रसंघ विद्यार्थियों की समस्याओं को विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचाने के साथ छात्रहित एवं रचनात्मक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।