पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत की माता कमला पंत का निधन, 88 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
पिथौरागढ़। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. प्रकाश पंत की माता कमला पंत का शुक्रवार को 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं सहित नगरवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।
कमला पंत के निधन की सूचना मिलते ही खड़कोट स्थित उनके आवास पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, विधायक बिशन सिंह चुफाल, दर्जा मंत्री गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र रावत, दिवाकर जोशी, कोमल मेहता, राकेश देवलाल, वीरेंद्र शाह और रघुवीर सिंह बिष्ट समेत तमाम लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की।

शनिवार सुबह सात बजे निकलेगी अंतिम यात्रा
कमला पंत की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह सात बजे खड़कोट स्थित आवास से शुरू होगी। उनका अंतिम संस्कार स्थानीय रामेश्वर घाट पर किया जाएगा। उनके पुत्र कैलाश पंत और भूपेश पंत मुखाग्नि देंगे। कमला पंत के निधन पर विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी कमला पंत के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

