चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत में शुरू हुआ ‘नो व्हीकल डे’ अभियान, जिलाधिकारी मनीष कुमार पैदल पहुंचे कार्यालय

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। वैश्विक परिस्थितियों के चलते लगातार बढ़ती ईंधन लागत, संसाधनों पर बढ़ते आर्थिक दबाव तथा ऊर्जा संरक्षण की आवश्यकता को देखते हुए जनपद चम्पावत में व्यापक जन-जागरूकता एवं संसाधन संरक्षण अभियान की शुरुआत की गई है। शासन के निर्देशों के क्रम में प्रत्येक शनिवार को विशेष ‘नो व्हीकल डे’ अभियान संचालित किया जाएगा।

अभियान की शुरुआत करते हुए शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार स्वयं जिलाधिकारी आवास से जिला कार्यालय तक पैदल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मार्ग में आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े परिवर्तन का आधार बनते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति सप्ताह में एक दिन निजी वाहनों का सीमित उपयोग करे, अनावश्यक ईंधन खर्च से बचे तथा संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग अपनाए, तो इसका व्यापक सकारात्मक प्रभाव समाज और पर्यावरण दोनों पर पड़ेगा।

Ad Ad

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण केवल सरकारी व्यवस्था तक सीमित विषय नहीं रह गया है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी बन चुकी है। इसी उद्देश्य से जनपद में कारपूलिंग, सार्वजनिक परिवहन, पैदल चलने तथा साइकिल के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिल सके।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे ऊर्जा संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा अनावश्यक खर्चों में कमी लाकर देश एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का स्वयं अनुपालन सुनिश्चित करें तथा अधीनस्थ कार्मिकों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनावश्यक विद्युत उपयोग, ईंधन की खपत एवं संसाधनों की बर्बादी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी विपिन पंत, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्तिकीर्ति तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, सहायक निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी, शाकिर हुसैन, चंदन सिंह रावत, आशीष सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक भी अपने-अपने आवासों से पैदल कार्यालय पहुंचे तथा ऊर्जा संरक्षण अभियान में सहभागिता निभाई।

Ad Ad