टनकपुर : सीएम के निर्देश पर रोडवेज संविदा कर्मचारियों से मिले नोडल अधिकारी, अनशन समाप्त कराया
टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार आज मंगलवार को रोडवेज परिसर में चल रहे उत्तराखंड रोडवेज संविदा विशेष श्रेणी कर्मचारी संगठन के आंदोलन स्थल पर सीएम कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल एवं विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार पहुंचे तथा आंदोलनरत कर्मचारियों से वार्ता की।
मालूम हो कि उत्तराखंड रोडवेज संविदा विशेष श्रेणी कर्मचारी संगठन द्वारा संविदा विशेष श्रेणी कर्मचारियों के नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर क्रमिक एवं आमरण अनशन किया जा रहा था। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश भट्ट के नेतृत्व में अन्य कर्मचारी भी आंदोलन में सहभागी थे।

नोडल अधिकारी ने आंदोलनकारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा आश्वस्त किया कि उनकी मांगों एवं समस्याओं के समाधान हेतु शासन स्तर पर संबंधित अधिकारियों के साथ वार्ता कर उचित कार्यवाही का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों को शासन तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाएगा तथा समाधान के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी।
नोडल अधिकारी एवं विधायक प्रतिनिधि द्वारा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश भट्ट को जूस पिलाकर आमरण अनशन समाप्त कराया गया। इस अवसर पर उपस्थित कर्मचारियों ने आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता हरीश भट्ट, अमजद हुसैन सहित संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी उपस्थित रहे।

