चंपावतजनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर पहुंचा कैलाश मानसरोवर यात्रा का दूसरा जत्था, 11 राज्यों के 47 श्रद्धालुओं का हुआ भव्य स्वागत

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंडी परंपरा से हुआ अभिनंदन, रात्रि विश्राम के बाद लिपुलेख दर्रे की ओर करेंगे प्रस्थान

टनकपुर/चम्पावत। पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के दूसरे जत्थे का बुधवार को टनकपुर पहुंचने पर पारंपरिक उत्तराखंडी रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया। जिला प्रशासन और कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के अधिकारियों ने देश के 11 राज्यों से आए 47 श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस जत्थे में 34 पुरुष और 13 महिला श्रद्धालु शामिल हैं।

Ad Ad

उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और आतिथ्य से अभिभूत यात्रियों ने यात्रा की शुरुआत को लेकर उत्साह और गहरी आस्था व्यक्त की। केएमवीएन द्वारा यात्रियों के लिए ठहरने, भोजन, स्वास्थ्य परीक्षण, स्वागत और यात्रा मार्गदर्शन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और यादगार यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए पूरे यात्रा मार्ग पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। टनकपुर में रात्रि विश्राम के बाद जत्था मंच, गुंजी और नाभीढांग होते हुए लिपुलेख दर्रे के रास्ते पवित्र कैलाश मानसरोवर के लिए रवाना होगा।

दूसरे जत्थे में गुजरात से 10, राजस्थान से 8, महाराष्ट्र से 6, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से 5-5, मध्य प्रदेश से 4, हरियाणा से 3, उत्तराखंड और आंध्र प्रदेश से 2-2 तथा कर्नाटक और तेलंगाना से 1-1 श्रद्धालु शामिल हैं। यात्रा के सफल संचालन के लिए राज्य सरकार की ओर से स्वास्थ्य सेवाएं, वाहन, ठहराव, पोर्टर सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस दौरान कुमाऊं मंडल विकास निगम, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन समन्वय के साथ यात्रा को सुचारु बनाने में जुटे हैं। कार्यक्रम में प्रशासन, केएमवीएन, पर्यटन विभाग के अधिकारी, स्थानीय नागरिक और श्रद्धालु भी मौजूद रहे।