चकलुवा में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत; दूसरा गंभीर
कालाढूंगी/हल्द्वानी। चकलुवा के चौधरी गेट के समीप सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार करीब 45 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को कालाढूंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया।

हादसे में मृतक की पहचान धर्मपाल पुत्र जगदीश, निवासी भाखड़ा पुल के पास लामाचौड़ के रूप में हुई है। वहीं घायल अमर सिंह पुत्र धर्मवीर, निवासी लामाचौड़ बताया गया है। उसकी उम्र करीब 40 वर्ष है। हादसे के बाद अमर सिंह की हालत गंभीर बनी हुई थी। सीएचसी कालाढूंगी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कालाढूंगी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वाहन से हुआ और दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या रही, इसका पता लगाने के लिए पुलिस आसपास की जानकारी और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

