हल्द्वानी बस अड्डे पर पौड़ी के युवक को चाकू घोंपा, बैग से चार लाख रुपये गायब होने का दावा
हल्द्वानी। देहरादून से हल्द्वानी पहुंचे पौड़ी निवासी युवक पर बस से उतरते ही एक अज्ञात युवक ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ने उसके बैग से चार लाख रुपये गायब होने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार पौड़ी निवासी विकास देहरादून में डिजिटल मार्केटिंग का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें हल्द्वानी निवासी कारोबारी सुनील को चार लाख रुपये का भुगतान करना था। शनिवार देर रात विकास देहरादून से बस में सवार हुए और रविवार तड़के करीब चार बजे हल्द्वानी बस अड्डे पहुंचे।
बताया गया है कि बस से उतरते ही एक युवक ने विकास को चाकू दिखाकर पैसों की मांग की। विरोध करने पर आरोपी ने उनके पेट में चाकू घोंप दिया। चाकू नाभि के पास लगा, जिससे विकास गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर एक राहगीर मौके पर पहुंचा और उन्हें तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घायल विकास के मुताबिक, हमले के बाद उनके बैग से चार लाख रुपये गायब हैं। हालांकि रकम वास्तव में चोरी हुई या घटना के दौरान किसी अन्य तरीके से गायब हुई, पुलिस इसकी जांच कर रही है। एसएचओ विजय मेहता ने बताया कि घटना संज्ञान में है। पुलिस बस अड्डे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावर की पहचान और तलाश में जुटी है। रकम गायब होने के दावे की भी जांच की जा रही है। घायल की स्थिति के कारण फिलहाल उससे घटना के संबंध में ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी है।

