उत्तराखण्डक्राइमदेहरादूननवीनतम

देहरादून में भाजयुमो नेता की हत्या, खेत में पानी डालने को लेकर विवाद ने लिया खूनी रूप, क्षेत्र में तनाव

ख़बर शेयर करें -

विकासनगर/देहरादून। सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला में खेत में पानी लगाने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के नेता और पूर्व बीडीसी प्रत्याशी विनोद (45) की मौत हो गई, जबकि उनके दो भाई गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा। वहीं विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार शनिवार को विनोद अपने भाइयों अशोक और राजेश के साथ सरकारी ट्यूबवेल से खेत में पानी डाल रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी खेत को लेकर पूर्व प्रधान इस्पाक के भतीजे इम्तियाज से विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और इम्तियाज समेत अन्य लोगों ने हथियारों से तीनों भाइयों पर हमला कर दिया। हमले में विनोद के सिर पर गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें हरबर्टपुर स्थित लेहमन अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं दोनों घायल भाइयों की हालत गंभीर बनी हुई है।

Ad Ad

घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हत्या को लेकर आक्रोश बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। कुछ लोगों ने आरोपियों के घर की ओर जाने का प्रयास किया, वहीं पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं। स्थिति बिगड़ने पर सहसपुर, विकासनगर, सेलाकुई और कालसी थाना क्षेत्रों से पुलिस बल बुलाया गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। आक्रोशित लोगों के एक समूह ने दून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना देकर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

एसपी देहता पंकज गैरोला ने बताया है कि दो पक्षों में मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंची। घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी शुरू कर दी गई है।

वहीं विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और पुलिस-प्रशासन को आरोपितों को तुरंत गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। उसके बाद मुन्ना सिंह चौहान ने अस्पताल में पहुंचकर घायलों का हाल जाना। विधायक चौहान ने कहा है कि यहां पर कुछ लोग चोरी और नशे का करोबार करते हैं। यह घटना बेहद दर्दनाक है। आपराधिक प्रवृति के लोगों के खिलाफ पहले भी शिकायत आती रही है, एसएसपी से बात हुई है। कहा कि अगर ऐसे आपराधिक प्रवृति के लोगों के खिलाफ गांव वाले या फिर इस परिवार की तरफ से पहले से शिकायत थी तो थाना पुलिस ने कोई एक्शन क्यों नहीं लिया। ऐसी घटना को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी भी तरह की ढिलाई थाने की तरफ से होगी तो सबसे खिलाफ कार्रवाई होगी।