जनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतमस्वास्थ

टनकपुर अस्पताल में सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा की तैयारी तेज

ख़बर शेयर करें -

मुख्यमंत्री की घोषणा पर पहल, कक्षों के निर्माण के लिए मंडी परिषद कार्यदायी संस्था नामित; लागत आकलन तैयार करने के निर्देश

टनकपुर/चम्पावत। उपजिला चिकित्सालय टनकपुर में सीटी स्कैन और एमआरआई जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत दोनों आधुनिक जांच मशीनों की स्थापना के लिए आवश्यक कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए मंडी परिषद को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। संबंधित अधिकारियों को अस्पताल में उपलब्ध भूमि और भवन का विवरण जुटाने के साथ निर्माण कार्य का लागत आकलन एवं विस्तृत आगणन तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी पत्र के क्रम में इस घोषणा के क्रियान्वयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। प्रस्तावित निर्माण कार्य का विवरण और लागत आगणन तैयार कर महानिदेशालय को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद प्रस्ताव को शासन के समक्ष वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Ad Ad

स्थानीय मरीजों को मिलेगी राहत

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण प्राथमिकता में है। उपजिला चिकित्सालय टनकपुर में सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध होने से टनकपुर, बनबसा, पूर्णागिरि क्षेत्र तथा आसपास के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों के मरीजों को लाभ मिल सकेगा। मरीजों को इन महत्वपूर्ण जांचों के लिए दूसरे शहरों का रुख करने की जरूरत भी कम होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े इस कार्य को आगे बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।