टनकपुर में रोडवेज के संविदा, विशेष श्रेणी कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन जारी, 29 को जुलूस निकाल कर करेंगे प्रदर्शन
टनकपुर/चम्पावत। रोडवेज के टनकपुर क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में आंदोलित संविदा व विशेष श्रेणी कर्मचारियों का चल रहा क्रमिक धरना मंगलवार को छठे दिन भी जारी रहा। इस बीच प्रशासन की ओर से उनकी मांग को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का भरोसा मिला, लेकिन कर्मचारी नहीं माने। उन्होंने मांग पूरी होने तक एकजुटता के साथ आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया है। संगठन ने तय किया है कि 29 मई को धरना स्थल से तहसील तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया जाएगा।

रोड़वेज के संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारी नियमित नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलित हैं। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश भट्ट के नेतृत्व में शुरू हुए आंदोलन को अन्य कई कर्मचारी संगठनों व जनप्रतिनिधियों का भी समर्थन मिल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने बताया कि धरना-प्रदर्शन में क्रमवार प्रदेश के हर डिपो के कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि 29 मई को धरना स्थल से तहसील तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। धरना-प्रदर्शन में सचिन प्रकाश, रमेश कुमार, आंनद पुजारी, सुनील कलौनी, दिनेश लाल के साथ ही संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष रुद्रपुर डिपो के राजेश यादव, पिथौरागढ़ डिपो के दीपक सिंह अधिकारी, काठगोदाम डिपो के मनोज सिंह जीना, गिरीश चन्द्र थ्वाल व नरेंद्र सिंह जीना, काशीपुर डिपो के भूपेंद्र सिंह समेत काफी संख्या में कर्मचारी शामिल थे। नगर के पूर्व सभासद व राज्य आंदोलनकारी गंगागिरी गोस्वामी, नियमित परिचालक गौरव शर्मा ने भी धरना स्थल पर पहुंच कर आंदोलन को समर्थन दिया।

