उत्तराखण्डनवीनतमराजनीति

जन समस्याओं के निराकरण को सरकार के मध्य सेतु और जवाबदेही जरूरी, कार्यकर्ता का अधिक सक्रिय और दायित्वों पर खरा उतरना अहम : बीएल संतोष

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने पदाधिकारी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए उन्हेे जनता और सरकार के मध्य सेतु का कार्य करने के अलावा सक्रियता और जवाबदेही पर भी खरा उतरना होगा।

हरिद्वार रोड रिस्पना पुल के समीप एक निजी होटल में कोर ग्रुप की बैठक के बाद बीएल संतोष ने प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों व ज़िला प्रभारियों की बैठक ली। इस कार्यक्रम में सर्वप्रथम प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को एक वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर बधाई दी गई। जिसके तहत प्रदेश प्रभारी राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम द्वारा पुष्प गुच्छ देकर भट्ट को बधाई दी गई। बीएल संतोष ने कहा कि हम सबको सरकार और जनता के बीच सेतु बन कर काम करना है। जनता के मध्य जाकर उनकी समस्याओं के समाधान के प्रयास करने हैं और जनता की राय और समस्या को सरकार के मंत्री और मुख्यमंत्री तक पहुंचाना है। हमारा कार्य जनता को सरकार के पास और सरकार को जनता के पास लेकर जाने का है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से महा जनसंपर्क अभियान से मिले फीडबैक की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने कहा कि एक सफल कार्यकर्ता के लिए सक्रियता अहम है। सक्रियता से ही जिम्मेदारी मिलती है और जिम्मेदारी का कुशलता से निर्वहन कर आगे बढ़ने के मौके मिलेंगे। इसलिए सभी को दायित्वों के निर्वहन के लिए अधिक सचेत रहने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि नकारात्मक तथ्य मिलने के बावजूद उसके समाधान का प्रयास करना भी जरूरी है। उन्होंने प्रत्येक महीने सांसद एवं विधायकों की टिफिन बैठक को अनिवार्य रूप में अलग अलग गांव में आयोजित करने पर जोर दिया। इससे पूर्व बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भट्ट द्वारा केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर चलाये गए महा जनसंपर्क अभियान की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आगामी निगम, नगर निकाय और सहकारिता के चुनाव के लिए भी रणनीति बनाकर जुटने का सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए। प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा से अवगत कराया। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं सहप्रभारियो ने शिरकत की।

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड