कोसी नदी में डूबने से नायब सूबेदार की मौत, तीन किमी दूर पत्थरों में फंसा मिला शव
नैनीताल। गरमपानी-बेतालघाट क्षेत्र में कोसी नदी में नहाने के दौरान सेना में तैनात नायब सूबेदार की डूबने से मौत हो गई। हादसा शहीद बलवंत सिंह मोटर मार्ग पर धारी उडियार के पास हुआ। करीब ढाई घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद उनका शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर नदी में पत्थरों के बीच फंसा मिला।
जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट क्षेत्र के कुंस्यारी निवासी 38 वर्षीय पृथ्वी पाल सिंह रावत, पुत्र त्रिलोक सिंह रावत, वर्तमान में हल्द्वानी के भगवानपुर में रहते थे। वह सेना में नायब सूबेदार के पद पर तैनात थे। शुक्रवार को रानीखेत से हल्द्वानी लौटते समय दोपहर करीब 2:30 बजे उन्होंने गरमपानी-बेतालघाट के धारी उडियार के पास वाहन रोका। बताया गया कि पृथ्वी पाल सिंह नहाने के लिए कोसी नदी में उतर गए। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नदी के तेज बहाव में बह गए। उनके साथ मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम ने भी रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब ढाई घंटे की तलाश के बाद घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर नदी में पत्थरों के बीच उनका शव बरामद हुआ। बताया गया कि पृथ्वी पाल सिंह वर्तमान में पंजाब के भटिंडा में तैनात थे और छुट्टी पर घर आए हुए थे। हादसे के समय उनका छह वर्षीय बेटा ओम भी मौके पर मौजूद था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चे ने अपनी आंखों के सामने पिता को नदी में डूबते देखा, जिसके बाद वह गहरे सदमे में है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सेना के जवान की मौत से क्षेत्र में भी शोक की लहर है।

