चम्पावत में कल सजेगा ‘सावन उत्सव-2026’, 15 महिला प्रतिभाओं को मिलेगा ‘नंदा शिखर सम्मान’
गीता धामी करेंगी प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित, लोक संस्कृति और महिला शक्ति का दिखेगा संगम
चम्पावत। सावन माह के अवसर पर महिलाओं की प्रतिभा, संस्कृति और सामाजिक सहभागिता को मंच देने के उद्देश्य से चम्पावत में 9 अगस्त को भव्य ‘सावन उत्सव-2026’ का आयोजन किया जाएगा। सेवा संकल्प फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की धर्मपत्नी गीता धामी के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जिले की 15 प्रतिभाशाली महिलाओं को ‘नंदा शिखर सम्मान-2026’ से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन जीजीआईसी सभागार, चम्पावत में किया जाएगा। सावन उत्सव में महिलाएं लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी विभिन्न प्रस्तुतियां देंगी। कार्यक्रम के माध्यम से महिला शक्ति, सामाजिक एकजुटता और आपसी सहभागिता का संदेश भी दिया जाएगा।
सम्मान समारोह में स्वयं सहायता समूह, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य एवं जनसेवा तथा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से यह सम्मान समाज के प्रति समर्पण और सेवाभाव से कार्य कर रही महिला प्रतिभाओं के योगदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार सावन उत्सव-2026 को महिला शक्ति, संस्कृति, सेवा और सामाजिक सरोकारों के समागम के रूप में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को एक मंच पर लाकर उनमें आत्मविश्वास, संगठन और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना तथा नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, महिला प्रतिभाओं का सम्मान और पारंपरिक गतिविधियां कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहेंगी। आयोजन को लेकर महिलाओं और स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल है।

