चम्पावत : डीएम के निर्देश पर जिला अस्पताल में एसडीएम का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मरीजों की सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं को परखा
चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर उपजिलाधिकारी चम्पावत बीसी पंत ने शनिवार को जिला अस्पताल चम्पावत का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। एसडीएम ने अस्पताल प्रशासन को मरीजों और उनके तीमारदारों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने जनरल वार्ड का जायजा लेकर मरीजों के लिए उपलब्ध बेड, व्यवस्थाओं और स्वच्छता की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से मरीजों को दी जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखना बेहद जरूरी है। वार्डों, परिसर और मरीजों के आवागमन वाले स्थानों में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फायर सेफ्टी व्यवस्था भी परखी
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अस्पताल की फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता की जानकारी ली। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं को पूरी तरह सक्रिय और दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
इसके अलावा डिस्पेंसरी का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली गई। एसडीएम ने अस्पताल में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने और मरीजों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी ने अस्पताल की अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को मरीजों की सुविधा, स्वच्छता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल जनपद की प्रमुख स्वास्थ्य संस्था है, इसलिए यहां आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार के साथ सम्मानजनक और सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचएस ह्यांकी सहित चिकित्सक एवं मेडिकल स्टाफ मौजूद रहा।

