रुद्रप्रयाग में स्कूटी खाई में गिरी, एक युवक घायल और महिला सुरक्षित
रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग के संन बैंड के समीप शनिवार सुबह एक स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क मार्ग से नीचे लगभग 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि एक महिला पूरी तरह सुरक्षित है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 06:55 बजे स्थानीय सूचनादाता साबर सिंह द्वारा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को इस हादसे की जानकारी दी गई। सूचना में बताया गया कि स्कूटी संख्या UK13B/ 2069 पर दो लोग सवार होकर संन बैंड से रुद्रप्रयाग की तरफ आ रहे थे, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डीडीआरएफ (DDRF) टीम, पुलिस और 108 एम्बुलेंस को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया। मौके पर पहुंचकर डीडीआरएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इस हादसे में स्कूटी सवार 19 वर्षीय युवक सचिन कुमार पुत्र राजकुमार (मूल निवासी बिहार, हाल निवासी डांग सेरा तूना रोड, रुद्रप्रयाग) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे रेस्क्यू टीम द्वारा खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक चिकित्सा दी गई और फिर 108 एम्बुलेंस के माध्यम से तुरंत जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग उपचार के लिए भेजा गया। वहीं स्कूटी पर सवार दूसरी यात्री 26 वर्षीय सुलेखा पत्नी राजू कुमार (मूल निवासी बिहार, हाल निवासी डांग सेरा तूना रोड, रुद्रप्रयाग) इस दुर्घटना में पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी स्थिति सामान्य बनी हुई है।

