खेलचंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर में मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत 140 खिलाड़ियों का चयन परीक्षण

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। खेल विभाग और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर में ‘मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना’ के अंतर्गत नगर पालिका स्तरीय चयन प्रक्रिया का आयोजन किया गया। चयन स्पर्धा में 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान नगर पालिका क्षेत्र के 140 उदीयमान खिलाड़ियों, जिनमें 80 बालक और 60 बालिकाएं शामिल रहीं, ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

चयन प्रक्रिया का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ ही उभरती खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। चयन के दौरान एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, हॉकी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, ताईक्वांडो, जूडो, कराटे, कबड्डी, बैडमिंटन और टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेलों के लिए खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता का परीक्षण किया गया।

Ad Ad

शारीरिक दक्षता के आधार पर हुआ मूल्यांकन

चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए खिलाड़ियों का 800 मीटर दौड़, 30 मीटर फ्लाइंग स्टार्ट, मेडिसिन बॉल थ्रो, शटल रन और वर्टिकल जंप जैसे विभिन्न शारीरिक दक्षता परीक्षणों के आधार पर मूल्यांकन किया गया। खिलाड़ियों ने सभी परीक्षणों में उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया के माध्यम से प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में शिक्षा विभाग और खेल विभाग के अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों का विशेष योगदान रहा। शिक्षा विभाग की ओर से ललित मोहन भट्ट, रचित वल्दिया, चंद्र सिंह खोलिया, ममता बिष्ट, दिनेश नेगी, प्रदीप कश्यप, नवीन पुनेठा और हिमांशु गड़कोटी उपस्थित रहे।

खेल विभाग की ओर से विभिन्न खेलों के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। इनमें फुटबॉल प्रशिक्षक गौरव खोलिया, पवनेश पाटनी व रन बहादुर मल, बॉक्सिंग प्रशिक्षक ललित मोहन कुंवर व सूरज पांडे, हॉकी प्रशिक्षक प्रकाश सिंह, क्रिकेट प्रशिक्षक मनोज टकवाल, वॉलीबॉल प्रशिक्षक आशा पांडे, बास्केटबॉल प्रशिक्षक सुभाष पांडे, हैंडबॉल प्रशिक्षक महेश चुफाल, ताईक्वांडो प्रशिक्षक इमरान, सेपक टाकरा प्रशिक्षक राजेन्द्र सिंह, एथलेटिक्स प्रशिक्षक आकाश और कराटे प्रशिक्षक विजय रावत शामिल रहे।
इसके अलावा हीरा, दीपक और राकेश जोशी ने भी उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया और चयन प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग दिया।