चंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर : अग्निकांड प्रभावित दुकानदारों और सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को मिली एक-एक लाख की आर्थिक सहायता

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से टनकपुर के अग्निकांड प्रभावित दुकानदारों और सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मुख्य सेवक (मुख्यमंत्री) कैंप कार्यालय, टनकपुर में प्रभावितों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।

गौरतलब है कि 13 मई 2026 को तड़के 2:27 बजे टनकपुर के वार्ड नंबर-01 में पुरानी टंकी के पास स्थित दुकानों में भीषण आग लग गई थी। सूचना मिलने पर फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकानों और सामान को काफी नुकसान पहुंचा था।

Ad Ad

मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से अग्निकांड प्रभावित रुचि वर्मा पत्नी वरुण वर्मा, देवेंद्र पुत्र सीताराम, करन पुत्र देवेंद्र कुमार, रामप्रकाश पुत्र मैखु लाल और श्याम पुत्र मैखु लाल को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा सड़क दुर्घटना में घायल प्रेम सिंह पुत्र जीत सिंह, निवासी ज्ञानखेड़ा को भी मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से एक लाख रुपये की सहायता राशि का चेक दिया गया।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर, वार्ड नंबर-01 के सभासद दिनेश कुमार, कैंप कार्यालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी जीवन सिंह नेगी, राजपाल चौहान सहित अन्य सभासद और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

राज्य सरकार की ओर से कहा गया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशील कार्यशैली के अनुरूप आपदा, दुर्घटना और अन्य विपरीत परिस्थितियों में प्रभावित लोगों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि संकट की घड़ी में प्रभावित व्यक्ति और परिवार स्वयं को अकेला महसूस न करें तथा उन्हें आवश्यक सहायता समय पर मिल सके। प्रभावित दुकानदारों और घायल व्यक्ति को मिली आर्थिक सहायता संकट की स्थिति में उनके लिए महत्वपूर्ण संबल मानी जा रही है। यह सहायता सरकार की ओर से प्रभावितों के साथ खड़े रहने और उन्हें राहत पहुंचाने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।