उत्तराखंड : श्रीनगर की मेयर आरती भंडारी समेत 10 पार्षद भाजपा में शामिल
श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में बड़ा राजनीतिक उलटफेर हुआ है। श्रीनगर नगर निगम की महापौर आरती भंडारी और उनके पति समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी के नेतृत्व में नगर निगम के 10 पार्षदों ने बुधवार को देहरादून में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की मौजूदगी में सभी ने भाजपा का दामन थामा।
भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में विजय चमोली सोनू, मीना भारती, भावना चौहान, अंजनी भंडारी, आशीष नेगी, अनुराग चौहान, राजकुमार, नरेंद्र सिंह रावत, धर्म सिंह रावत और प्रवेश चमोली शामिल हैं। इनमें अनुराग चौहान और राजकुमार कांग्रेस के पार्षद हैं, जबकि अन्य पार्षद निर्दलीय बताए गए हैं।
आरती भंडारी बोलीं- श्रीनगर के विकास के लिए करेंगे काम
भाजपा में शामिल होने के बाद महापौर आरती भंडारी ने कहा कि भाजपा की विचारधारा उनके लिए नई नहीं है और वह पहले भी भाजपा परिवार का हिस्सा रह चुकी हैं। उन्होंने कहा कि साथियों के साथ पार्टी में शामिल होकर उन्हें खुशी और गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य श्रीनगर के विकास और जनता की सेवा करना है। सरकार और संगठन के सहयोग से श्रीनगर को और बेहतर एवं विकसित नगर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जाएगा।

लखपत सिंह भंडारी ने बताया जनसेवा को उद्देश्य
समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी ने कहा कि भाजपा में शामिल होने का उद्देश्य क्षेत्र के विकास और जनसेवा को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा, विकास की सोच और जनसेवा के संकल्प से वह लंबे समय से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्रीनगर और पूरे गढ़वाल क्षेत्र के विकास के लिए संगठन और सरकार के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। साथ ही युवाओं के अवसर, महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक सरोकार और सनातन संस्कृति के संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर भी काम करने की बात कही।

महेंद्र भट्ट बोले- भाजपा से जुड़ने का सिलसिला और तेज होगा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में भाजपा में शामिल होने का यह सिलसिला और तेज होगा। महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और राज्य की भाजपा सरकार की योजनाओं एवं नीतियों का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है, जिसका असर राजनीतिक रूप से भी दिखाई दे रहा है।
धन सिंह रावत के लिए बढ़ी राजनीतिक ताकत
श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में मेयर समेत 10 पार्षदों का भाजपा में शामिल होना आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। श्रीनगर सीट पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गणेश गोदियाल के बीच राजनीतिक मुकाबला लंबे समय से चर्चा में रहा है। ऐसे में नगर निगम के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का भाजपा के साथ आना स्थानीय राजनीतिक समीकरणों में बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा इसे अपने बढ़ते जनाधार के रूप में देख रही है, जबकि कांग्रेस के सामने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में संगठन और स्थानीय समीकरणों को मजबूत रखने की चुनौती बढ़ सकती है।
निर्दलीय चुनाव लड़कर बनी थीं मेयर
गौरतलब है कि वर्ष 2025 के उत्तराखंड नगर निगम चुनाव में आरती भंडारी को भाजपा से मेयर पद का टिकट नहीं मिला था। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की थी। अब उन्होंने अपने समर्थक पार्षदों के साथ एक बार फिर भाजपा का रुख किया है।
आरती भंडारी इससे पहले जिला पंचायत सदस्य और खिर्सू की ब्लॉक प्रमुख की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। वहीं, उनके पति लखपत सिंह भंडारी भी पूर्व में जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं।
श्रीनगर नगर निगम की महापौर और 10 पार्षदों के भाजपा में शामिल होने के बाद स्थानीय निकाय से लेकर विधानसभा स्तर तक श्रीनगर की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल रही है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले यह घटनाक्रम भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

