चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी रेखा यादव सख्त, पुलिस अधिकारियों को दिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने पुलिस अधिकारियों को सख्त और स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को पुलिस लाइन चम्पावत में एसपी रेखा यादव की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित हुई, जिसमें जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों ने भाग लिया।

गोष्ठी में एसपी ने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों के निस्तारण, यातायात व्यवस्था, साइबर अपराध, नशे की तस्करी और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सहित पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए।

Ad Ad

एसपी रेखा यादव ने कहा कि किरायेदार सत्यापन अभियान को प्रभावी रूप से चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जाए। मादक पदार्थों की तस्करी और साइबर अपराधों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कार्रवाई करने के साथ ही अपराधियों, वारंटियों और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के विरुद्ध ऑपरेशन प्रहार के तहत अभियान तेज करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ऑपरेशन कालनेमी के तहत धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग कर ठगी करने वाले व्यक्तियों का सत्यापन कर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही JMIS, CRIMAC, CEIR और NATGRID सहित विभिन्न डिजिटल पोर्टलों का अधिकतम उपयोग कर पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

एसपी ने सभी ऑनलाइन पोर्टलों को नियमित रूप से अपडेट करने, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण, केस ऑफिसर स्कीम का प्रभावी अनुपालन तथा विभिन्न पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया। उन्होंने पुलिस कार्यों में ई-ऑफिस प्रणाली के अधिकतम उपयोग के निर्देश देते हुए कहा कि डिजिटल माध्यमों के जरिए पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुगम और प्रभावी बनाया जाए।

सोशल मीडिया की सतत निगरानी के निर्देश देते हुए एसपी ने कहा कि भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली पोस्टों पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए। इसके अलावा NBW/BW वारंटों की शत-प्रतिशत तामील, लंबित मामलों एवं विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, वाहन चेकिंग और ई-चालान की कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

अपराध समीक्षा गोष्ठी के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। हेड कांस्टेबल तपेन्द्र जोशी को “बेस्ट एम्प्लॉय ऑफ द मंथ—अगस्त 2026” चुना गया। इसके अलावा सराहनीय कार्य के लिए 15 अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वालों में उ0उ0नि0 अकरम अहमद, उ0उ0नि0 बलवंत सिंह, हे0का0 ललित श्रीवास्तव, हे0का0 महेन्द्र डंगवाल, हे0का0 संजय जोशी, का0 धर्मेन्द्र कुमार, का0 प्रशान्त बोहरा, कानि0 दीपांशु बिष्ट, का0 हेमन्त जोशी, का0 जीवन कुमार, का0 संतोष कुमार, का0 अतुल कुमार, लीडिंग फायरमैन राजेन्द्र नाथ, कानि0 विक्रम सिंह बिष्ट और का0 हितेन्द्र वर्मा शामिल रहे।

गोष्ठी में क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल, क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेन्द्र सिंह कप्रवाण, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी तनुजा वर्मा, निरीक्षक अभिसूचना इकाई हेमन्त कुमार भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक भगवत सिंह राणा, निरीक्षक दूरसंचार विजय सिंह अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक यातायात महेश प्रसाद, प्रधानलिपिक बबिता आर्या, प्रभारी मीडिया सेल ओमप्रकाश सहित समस्त थाना प्रभारी, एसओजी एवं शाखा प्रभारी तथा पुलिस लाइन और पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

एसपी रेखा यादव ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की सुरक्षा, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग चम्पावत पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।