टनकपुर में सिडकुल स्थापना की दिशा में बढ़ी कार्रवाई, संयुक्त टीम ने किया भूमि का स्थलीय निरीक्षण
टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुपालन में टनकपुर क्षेत्र में सिडकुल (SIDCUL) की स्थापना की दिशा में प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर राजस्व, उद्योग, वन, सिंचाई विभाग तथा सिडकुल के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित भूमि का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।
संयुक्त टीम ने फागपुर बीट संख्या 15 एवं 16 के अंतर्गत करीब 30 हेक्टेयर भूमि का निरीक्षण कर इसे सिडकुल की स्थापना के लिए चिह्नित किया। टीम ने भूमि की भौगोलिक स्थिति, वन क्षेत्र, वृक्षों की संख्या एवं अन्य आवश्यक पहलुओं का स्थलीय सर्वेक्षण किया।
स्थल निरीक्षण के संबंध में उप जिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रस्तावित भूमि का अधिकांश हिस्सा खुला है और यहां वृक्षों की संख्या एवं उनका घनत्व न्यूनतम है। उन्होंने कहा कि भूमि की मौजूदा परिस्थितियां औद्योगिक विकास की दृष्टि से अनुकूल प्रतीत होती हैं।

सिडकुल की स्थापना से टनकपुर क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। प्रशासन द्वारा भूमि संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं और तकनीकी पहलुओं के परीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थलीय निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक सुमेधा पंत, उप प्रभागीय वनाधिकारी संचिता वर्मा, सिडकुल पंतनगर के कनिष्ठ अभियंता मुकेश मंडल तथा सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता मनोज तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

