खेलचंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत पुलिस का दमदार प्रदर्शन: प्रादेशिक वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में जीते 5 पदक, जिले का नाम किया रोशन

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। पुलिस के जवान न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में मुस्तैद हैं, बल्कि खेल के मैदान में भी अपनी क्षमता का लोहा मनवा रहे हैं। रामनगर स्थित आईआरबी प्रथम (IRB 1st) में आयोजित तृतीय प्रादेशिक जनपद/वाहिनी पुलिस वेटलिफ्टिंग क्लस्टर प्रतियोगिता 2026 में चम्पावत पुलिस की टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। 17 से 19 अप्रैल तक चली इस प्रतियोगिता में चम्पावत के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए कुल 05 पदक (03 स्वर्ण और 02 रजत) अपने नाम किए।

इस प्रतियोगिता में वेटलिफ्टिंग, पावरलिफ्टिंग और योगा जैसे खेलों में प्रदेशभर की पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया था। चम्पावत पुलिस की अतिरिक्त उप निरीक्षक (ASI) ममता कुटियाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 86 किग्रा+ वेटलिफ्टिंग और 84 किग्रा+ पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में 2 स्वर्ण पदक जीतकर ‘डबल गोल्ड’ अपने नाम किया।

Ad Ad


अतिरिक्त उप निरीक्षक (ASI) राजकुमार परिहार ने 79 किग्रा वेटलिफ्टिंग वर्ग में कड़ी टक्कर देते हुए 01 स्वर्ण पदक हासिल किया। कांस्टेबल कुंदन ने भी शानदार तकनीक का परिचय दिया और 94 किग्रा वेटलिफ्टिंग व 94 किग्रा पावरलिफ्टिंग श्रेणियों में 02 रजत पदक जीतकर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया।
जनपद की इस बड़ी उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और ड्यूटी की व्यस्तता के बावजूद खिलाड़ियों ने जो अनुशासन और मेहनत दिखाई है, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी चम्पावत और उत्तराखंड पुलिस का नाम गौरवान्वित करेंगे। इस जीत से चम्पावत पुलिस विभाग में हर्ष का माहौल है।

Ad Ad