देहरादून में सरकारी शिक्षिका की संदिग्ध मौत, सचिवालय के निजी सचिव समेत तीन पर दहेज हत्या का मुकदमा
देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में एक सरकारी शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है। मृतका के परिजनों ने पति, सास और ननद पर दहेज की मांग, मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उत्तराखंड सचिवालय में कार्यरत निजी सचिव समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर स्थित श्रीकोट निवासी स्व. सुमेर सिंह कंडारी की बेटी सृष्टि कंडारी सरकारी विद्यालय में शिक्षिका थीं। उनकी शादी नवंबर 2025 में देहरादून के लक्ष्मण एन्क्लेव (दिल्ली फार्म, हर्रावाला) निवासी सौरभ खत्री से हुई थी, जो उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं। मृतका की मां सीमा कंडारी का आरोप है कि शादी के बाद से ही सृष्टि को दहेज और अन्य बातों को लेकर लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। उनका कहना है कि पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू अक्सर उनकी बेटी का अपमान करते थे।

परिजनों के अनुसार, शादी के करीब तीन महीने बाद सृष्टि के ससुर को हार्ट अटैक आया। आरोप है कि इसके बाद परिवार ने किसी पंडित की बात पर विश्वास करते हुए सृष्टि को ‘मनहूस’ कहना शुरू कर दिया। बाद में ससुर के निधन के बाद भी उसकी मौत का जिम्मेदार सृष्टि को ठहराया गया, जिससे उस पर मानसिक दबाव और प्रताड़ना और बढ़ गई।
मृतका की मां का आरोप है कि उनकी बेटी को बार-बार यह कहकर प्रताड़ित किया जाता था कि उसके घर आने के बाद परिवार में लगातार अनिष्ट हो रहा है। मामले के सामने आने के बाद एक भावुक संदेश भी चर्चा में है, जिसमें लिखा गया है कि वह पिछले छह महीनों से लगातार सब कुछ सह रही थी और अब उससे यह सब बर्दाश्त नहीं हो रहा था। संदेश में “मनहूस” कहकर अपमानित किए जाने का भी जिक्र है। हालांकि पुलिस इस संदेश की भी जांच कर रही है और इसकी सत्यता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मृतका की मां ने बताया कि जब काफी देर तक बेटी से फोन पर संपर्क नहीं हो पाया तो उन्होंने एक परिचित को ससुराल भेजा। वहां से सूचना मिली कि सृष्टि की तबीयत खराब होने के कारण उसे अस्पताल ले जाया गया है। यह खबर मिलते ही परिवार श्रीनगर से देहरादून पहुंचा, जहां उन्हें पता चला कि 29 जुलाई को ही सृष्टि की मौत हो चुकी थी। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उन्हें समय रहते घटना की जानकारी नहीं दी और पूछने पर व्यस्त होने का कारण बताया।
मृतका की मां सीमा कंडारी की लिखित शिकायत के आधार पर हर्रावाला पुलिस चौकी (थाना डोईवाला) में पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की संवेदनशीलता और आरोपी के उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर होने के कारण जांच पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) वंदना वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

