क्राइमनवीनतमनैनीताल

बेटे की हिरासत के बाद मां की संदिग्ध मौत, जहर खाने की आशंका से मचा हड़कंप

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र की दुर्गा कॉलोनी में 45 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि महिला का बेटा एक मामले में पुलिस हिरासत में था। बेटे को छुड़ाने के लिए महिला मुखानी कोतवाली पहुंची थी। इसके कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वार्ड-52 की दुर्गा कॉलोनी निवासी सविता देवी की बुधवार शाम अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन उन्हें बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी में महिला के जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। परिजनों के मुताबिक, सविता के बेटे अंश को मंगलवार रात पुलिस अपने साथ ले गई थी। बुधवार को दोपहर तक उसे छोड़ा नहीं गया। इसके बाद सविता बेटे को छुड़ाने के लिए मुखानी कोतवाली पहुंची और पुलिस से उसे छोड़ने की गुहार लगाई। कुछ देर बाद महिला कोतवाली से चली गई। बाद में उसकी तबीयत खराब होने की सूचना परिवार को मिली।

Ad Ad

महिला की मौत के बाद पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में पता चला कि सविता घर पहुंचने से करीब 200 मीटर पहले सड़क किनारे बैठी हुई दिखाई दी। वह वहां उल्टियां करती नजर आई। बताया गया कि रास्ते से गुजर रही एक स्कूल बस के जरिए महिला को घर तक पहुंचाया गया। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर गए, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस अब यह पता लगाने के लिए पिछली सीसीटीवी फुटेज भी देख रही है कि महिला ने संदिग्ध पदार्थ आखिर कहां और कब खाया था।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पूरे मामले की पृष्ठभूमि जेवरात के लेनदेन से जुड़े विवाद से जुड़ी थी। बताया जा रहा है कि सविता के परिवार में आर्थिक परेशानी थी। इसी दौरान उन्होंने पड़ोसी महिला से कुछ जेवर उधार लिए थे और तय समय में वापस करने की बात हुई थी। बाद में जेवरात वापस करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। जांच में यह भी सामने आया कि उधार लिए गए आभूषण अलग-अलग जगहों पर गिरवी रखे गए थे और उनमें से कुछ जेवर नीलाम भी हो चुके थे। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया था।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को सविता का बेटा अंश शराब के नशे में पड़ोसी के घर पहुंचा था। आरोप है कि वहां उसने गाड़ी को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई थी। महिला की मौत के बाद पुलिस ने युवक को छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि महिला की मौत और बेटे को हिरासत में लिए जाने के बीच सीधे संबंध की पुष्टि अभी नहीं हुई है। एसपी सिटी मनोज कत्याल के अनुसार, महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा। मामले में तहरीर मिलने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।