चंपावतजनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतम

भारी बवाल के बीच देर रात जारी हुआ टनकपुर महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव परिणाम, ध्यान सिंह अध्यक्ष तो सुशील जोशी सचिव

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में छात्रसंघ चुनाव की मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाने को लेकर मंगलवार देर रात तक हंगामा चलता रहा। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने मतगणना में गड़बड़ी और फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए दोबारा मतगणना कराने तथा मतदान के दौरान की सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की। विरोध के चलते महाविद्यालय में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इसके बावजूद महाविद्यालय प्रशासन ने देर रात चुनाव परिणाम घोषित कर दिए।

मंगलवार को दोपहर एक बजे तक मतदान हुआ, जिसके बाद करीब दो बजे से मतगणना शुरू की गई। मतगणना पूरी होने के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और महाविद्यालय प्रशासन पर मिलीभगत कर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। कार्यकर्ता सीसीटीवी फुटेज दिखाने और पुनर्मतगणना की मांग को लेकर महाविद्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए। इस दौरान प्राध्यापकों और अन्य स्टाफ को बाहर जाने से रोकने का भी आरोप है।

Ad Ad

देर रात जब महाविद्यालय प्रशासन ने परिणाम नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने का प्रयास किया तो एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। इसके बाद महाविद्यालय ने चुनाव परिणाम की सूची जारी कर दी। जारी परिणाम के अनुसार अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के ध्यान सिंह ने 15 मतों से जीत दर्ज की। ध्यान सिंह को 499, जबकि एबीवीपी प्रत्याशी सुमित सिंह नायक को 484 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के संदीप सिंह ने 59 मतों से जीत हासिल की। संदीप सिंह को 453, एबीवीपी के रोहन गड़कोटी को 394 और साहिल महर को 95 मत मिले।

छात्रा उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की रितिका 47 मतों से विजयी रहीं। रितिका को 494 और एबीवीपी की कंगना गुप्ता को 447 मत प्राप्त हुए।
सचिव पद पर एनएसयूआई के सुशील जोशी ने 10 मतों से जीत दर्ज की। सुशील जोशी को 476 और एबीवीपी के वंश शर्मा को 464 मत मिले।
संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी की रिया आर्या ने 56 मतों से जीत हासिल की। रिया आर्या को 501 और एनएसयूआई की लक्षिता जोशी को 445 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद एबीवीपी की नीतू बिष्ट के नाम रहा। नीतू बिष्ट को 646 और एनएसयूआई की मुस्कान को 312 मत प्राप्त हुए।
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एनएसयूआई की बबीता ने जीत दर्ज की। बबीता को 516, जबकि एबीवीपी की निर्मला महराना को 415 मत मिले।

छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई के विजेता प्रत्याशी पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल के साथ।

इस तरह टनकपुर महाविद्यालय में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, सचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एनएसयूआई प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जबकि संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पद एबीवीपी के खाते में गया। चुनाव परिणाम को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं की आपत्तियों और सीसीटीवी फुटेज की मांग के बीच देर रात परिणाम जारी होने से परिसर का माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा।

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड