नवरात्र मेले को लेकर टनकपुर पालिका अलर्ट, श्रद्धालुओं के लिए होंगे मोबाइल शौचालय
शहर से शारदा घाट तक रोजाना होगी सफाई, कीटनाशकों का छिड़काव कर स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्णय
टनकपुर/चम्पावत। शारदीय नवरात्र और मां पूर्णागिरि के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए टनकपुर नगर पालिका ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने, कीटनाशक दवाओं का नियमित छिड़काव करने और श्रद्धालुओं के लिए मोबाइल शौचालय की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया है।

शुक्रवार 9 अक्टूबर को नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में नवरात्र मेले की तैयारियों और तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में मेला क्षेत्र सहित पूरे शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने और मेले के सुचारू संचालन के लिए जरूरी इंतजाम करने पर जोर दिया गया।
बैठक में रामलीला मैदान में मोबाइल शौचालय स्थापित करने का निर्णय लिया गया, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके अलावा पंचमुखी मंदिर से शारदा घाट तक प्रतिदिन सफाई कराने और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करने पर सहमति बनी। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल के संचालन में हुई बैठक में सभासद दिनेश कुमार, हसीब अहमद, दिलदार अली, वकील अहमद, वर्षा शर्मा, सव्या वाल्मीकि, चर्चित शर्मा, बबीता वर्मा, शैलेंद्र सिंह, सविता बिष्ट, रीता कलखुड़िया, आशा भट्ट, मुकेश साहू, निगम गुप्ता और धर्मपाल आर्य सहित वरिष्ठ लिपिक बसंत राज चंद, वरिष्ठ सहायक विनोद बिष्ट, लेखाकार हेमंत टंडन, प्रिया बिष्ट तथा पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

