डंपर ने स्कूटी सवार पिता-पुत्री को मारी टक्कर, 14 वर्षीय बेटी की मौत
हल्दूचौड़ में हल्द्वानी-बरेली हाईवे पर हादसा, पिता गंभीर रूप से घायल; अस्पताल में चल रहा उपचार
हल्द्वानी। हल्दूचौड़ में हल्द्वानी-बरेली हाईवे पर गुरुवार को डंपर और स्कूटी की टक्कर में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसके पिता घायल हो गए। हादसा गायत्री कुंज के पास एचपी पेट्रोल पंप के सामने हुआ। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को करीब 11:35 बजे हाईवे पर सड़क हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां स्कूटी संख्या यूके 06 एयू-1303 दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली।
स्कूटी पर किच्छा के बंडिया खाद गोदाम नहर के पास निवासी करीब 42 वर्षीय सुरेंद्र कुमार पुत्र हेतराम और उनकी करीब 14 वर्षीय बेटी प्रेरणा सवार थीं। दोनों हादसे में घायल हो गए थे। पुलिस ने तत्काल दोनों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा।
अस्पताल में उपचार के दौरान किशोरी प्रेरणा ने दम तोड़ दिया। वहीं, उसके पिता सुरेंद्र कुमार का उपचार जारी है। हादसे में शामिल डंपर संख्या यूके 06सीसी-6222 को पुलिस ने कब्जे में लेकर दोनों वाहनों को चौकी परिसर में खड़ा करा दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

