चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : धूरा बयाला के तरुण बोहरा ने रचा इतिहास, एनडीए में चयन से क्षेत्र में खुशी की लहर

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जनपद के दूरस्थ क्षेत्र धूरा-सुखीढांग स्थित ग्राम पंचायत धूरा बयाला के होनहार युवा तरुण सिंह बोहरा का राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में चयन होने पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। तरुण अब भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनने की दिशा में कदम बढ़ाएंगे और देश सेवा का अपना सपना साकार करेंगे।

तरुण सिंह बोहरा, रतन सिंह बोहरा एवं संगीता बोहरा के पुत्र हैं। उनके पिता रतन सिंह बोहरा हाल ही में एलटी विज्ञान शिक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि माता संगीता बोहरा गृहिणी हैं। वर्तमान में परिवार हल्द्वानी-काठगोदाम में निवास करता है। रतन सिंह बोहरा ने बताया कि तरुण ने बचपन से ही भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था। प्रारंभिक शिक्षा हल्द्वानी में प्राप्त करने के बाद उनका चयन कक्षा छह में सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के लिए हुआ। इसी वर्ष उन्होंने इंटरमीडिएट की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की और पहले ही प्रयास में एनडीए परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया।

Ad Ad

तरुण की इस उपलब्धि को पूरे तल्ला पाल विलौन क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुखीढांग क्षेत्र से पहली बार किसी युवा का चयन एनडीए में हुआ है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी। तरुण के चयन पर श्री ब्यानधुरा मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष पंडित शंकर जोशी आचार्य, ग्राम प्रधान सरस्वती राना, क्षेत्र पंचायत सदस्य कुसुम बोहरा, महेंद्र सिंह राना, बहादुर सिंह बोहरा, नरेंद्र सिंह बोहरा, महेश चौड़ाकोटी सहित अनेक गणमान्य लोगों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने तरुण को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। तरुण बोहरा की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे चम्पावत जनपद के लिए गर्व का विषय बन गई है।