चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : दो साल से बदहाल छिनकाछिना-सिमलखेत सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, डामरीकरण की मांग को लेकर प्रदर्शन

ख़बर शेयर करें -

पाटी/चम्पावत। पाटी मुख्यालय को जोड़ने वाली छिनकाछिना-सिमलखेत मोटर मार्ग का डामरीकरण पिछले दो वर्षों से अधर में लटका होने से क्षेत्रवासियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को ग्रामीणों और वाहन चालकों ने सड़क की बदहाल स्थिति के विरोध में प्रदर्शन कर सरकार और संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई तथा शीघ्र डामरीकरण कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी पाटी को ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों ने बताया कि करीब 16 किलोमीटर लंबी यह सड़क क्षेत्र की 15 से 20 ग्राम पंचायतों को पाटी मुख्यालय से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। लंबे समय से सड़क का डामरीकरण न होने के कारण मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुका है और आवागमन बेहद कठिन हो गया है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और उखड़ी हुई सतह के चलते आए दिन दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो रहे हैं।

Ad Ad

ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क का सीधा असर विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों और रोजमर्रा के कार्यों के लिए आवागमन करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। बरसात के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है। यह सड़क थुवा मौनी, सुनडूंगरा, गिजू, बसान, बांस-बस्वाड़ी, चौड़ाकोड़, मौनकांडा, डसियाचामी, सिमली, बरानी, जालछिना सहित अनेक गांवों के लिए जीवनरेखा मानी जाती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

प्रदर्शन में सूरज कुमार, संजय कुमार, अजय कुमार, कैलाश राम, दीपक सिंह, गिरीश सिंह, सौरभ सिंह, धन सिंह, राजेंद्र सिंह, अशोक कुमार, सुभाष कुमार, निर्मल कुमार, सुभाष चंद्र, उत्तम सिंह, चान सिंह, रवि शंकर, बरम प्रसाद, सुरेंद्र सिंह, नवीन सिंह, प्रदीप सिंह और हरीश प्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता बीसी नैनवाल ने बताया कि सड़क के डामरीकरण के लिए 17 करोड़ रुपये की लागत से कार्य स्वीकृत हो चुका है। बजट प्राप्त होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।