उत्तराखण्डनवीनतमनैनीतालहादसा

नैनीताल में पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरा, 3 की मौत; 19 घायल

ख़बर शेयर करें -

लुक्ताधार के पास करीब 100 फीट गहरी खाई में गिरा वाहन, भारी बारिश के बीच पुलिस-एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन; घायलों को रामगढ़ अस्पताल पहुंचाया

नैनीताल। नैनीताल जिले के रामगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। लुक्ताधार के पास पर्यटकों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 यात्री घायल हो गए। वाहन में हरियाणा, फरीदाबाद और दिल्ली के पर्यटक सवार थे।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर संख्या UP14 TQ 9690 भवाली से मुक्तेश्वर की ओर जा रहा था। रामगढ़ क्षेत्र में लक्ष्मीखान तिराहे से करीब एक किलोमीटर आगे पहुंचने पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद टेंपो ट्रैवलर सड़क किनारे पैराफिट तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा। वाहन नीचे पेड़ों में जाकर अटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। लगातार हो रही बारिश के बीच जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

खाई काफी गहरी होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। पुलिस और एसडीआरएफ के जवान खाई में उतरे और घायलों को एक-एक कर बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।

हादसे में तीन लोगों की मौत

हादसे में सुमित पाल सिंह (25), निवासी फरीदाबाद, प्रदीप (26), निवासी फरीदाबाद और अभिषेक की मौत होने की सूचना है।

ये यात्री हुए घायल

हादसे में रितिका (23), हर्ष वर्मा (26), 10 माह की मिस्टी, मनीष कुमार (25), धर्मेंद्र (24), डॉली (25), पायल (22), अंजली (22), अंजली (23), नंदिनी (22), तुषार (21), आनंद (27), लक्ष्मी (27), धीरज (25), मयंक (17), तुषार कुमार (21), अजय (25), वाहन चालक यश कुमार (27) और सोनिया (23) घायल हुए हैं। इनमें अधिकांश यात्री फरीदाबाद और दिल्ली के रहने वाले बताए गए हैं।

वाहन के नीचे दबे यात्री को निकालने के लिए काटा जा रहा वाहन

सीओ भवाली रविकांत सेमवाल ने बताया कि वाहन यूपी नंबर का है और इसमें हरियाणा, फरीदाबाद व दिल्ली के यात्री सवार थे। हादसा रामगढ़ से करीब तीन किलोमीटर पहले हुआ। घायलों को रेस्क्यू कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ पहुंचाया गया है, जबकि गंभीर घायलों को हल्द्वानी रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि एक यात्री वाहन के नीचे दबा हुआ है, जिसे निकालने के लिए कटर की सहायता से वाहन को काटने का काम किया जा रहा है। भारी बारिश के बीच हुए इस हादसे के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।