नवीनतम

टनकपुर में रामलीला मंचन का आगाज, नारद मोह की लीला ने बांधा समां

ख़बर शेयर करें -

नवयुवक रामलीला कमेटी में पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार ने किया शुभारंभ, ज्ञानखेड़ा में एसडीएम प्रमोद कुमार ने भगवान श्रीराम की आरती उतारकर किया उद्घाटन

टनकपुर/चम्पावत। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन टनकपुर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में रामलीला मंचन का शुभारंभ धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ हुआ। नवयुवक रामलीला कमेटी टनकपुर की ओर से आयोजित दशहरा महोत्सव के तहत रामलीला मंचन का विधिवत आगाज किया गया। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र ज्ञानखेड़ा में उत्तरांचल रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला का शुभारंभ भी विधिवत रूप से हुआ। पहले दिन नारद मोह की लीला का मंचन कर कलाकारों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

Ad Ad

नवयुवक रामलीला कमेटी टनकपुर में नगरपालिका अध्यक्ष विपिन कुमार ने कमेटी पदाधिकारियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद भगवान की आरती उतारी गई। रामलीला मंचन शुरू होते ही आयोजन स्थल पर धार्मिक माहौल बन गया और दर्शकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। रामलीला के प्रथम दिवस पर कलाकारों ने नारद मोह के पौराणिक प्रसंग का मंचन किया। संवाद और अभिनय के माध्यम से मोह, अहंकार और भगवान की लीला के महत्व को दर्शाया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को कथा से जोड़े रखा।

इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष विपिन कुमार ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, सत्य, धर्म, मर्यादा और सदाचार का संदेश जन-जन तक पहुंचता है। रामलीला की परंपरा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और नैतिक मूल्यों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम में नवयुवक रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, संस्थापक विशाल अग्रवाल, नीरज सिंह, बोर्ड अध्यक्ष गौरव गुप्ता, बोर्ड सचिव नितिन गुप्ता, संरक्षक हरीश भट्ट, संजय अग्रवाल, ओंकार सिंह, सचिव मयंक पंत, उपाध्यक्ष संजय गर्ग, करन शर्मा, कल्पना आर्य, गीता गुप्ता, सुषमा गुप्ता, आसू गर्ग और कोषाध्यक्ष अमित परवेज समेत कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

ज्ञानखेड़ा में एसडीएम ने किया रामलीला का शुभारंभ

ग्रामीण क्षेत्र ज्ञानखेड़ा स्थित उत्तरांचल रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला मंचन का शुभारंभ एसडीएम प्रमोद कुमार ने भगवान श्रीराम की आरती उतारकर किया। इस दौरान उन्होंने रामलीला को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श समाज को सत्य, मर्यादा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। रामलीला के माध्यम से इन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का अवसर मिलता है।

नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में रामलीला मंचन शुरू होने के साथ ही दशहरा महोत्सव की रौनक बढ़ गई है। आगामी दिनों में रामलीला के विभिन्न प्रसंगों के मंचन के जरिए दर्शकों को भगवान श्रीराम के जीवन और आदर्शों से रूबरू कराया जाएगा।

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड