नवीनतमनैनीतालहादसा

कैंची धाम जा रहे पर्यटकों की कार सड़क किनारे खड़ी कार से टकराई, कई घायल, महिला की हालत गंभीर

Ad
ख़बर शेयर करें -

नैनीताल जिले के कालाढूंगी–नैनीताल बजून मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी कार को पीछे से आई कार ने टक्कर मार दी। हादसे में कई लोग घायल हो गए। एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक कार में सवार झारखंड निवासी महिला को अचानक उल्टी आ गई। जिस पर कार को सड़क किनारे रोका गया। जिसके बाद महिला कार से उतरकर सड़क किनारे उल्टी कर रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरी कार ने नियंत्रण खो दिया और खड़ी कार से टकरा गई। टक्कर लगते ही लोगों में चीख पुकार मच गई। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और चलने-फिरने में असमर्थ हो गई। वहीं, सड़क से गुजर रहे सामाजिक कार्यकर्ता पवन जाटव ने मानवीय पहल करते हुए मौके पर ही एक अन्य वाहन रुकवाया और घायल महिला को तत्काल राजकीय बीडी पांडेय अस्पताल नैनीताल पहुंचाया।

Ad

बीडी पांडे अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, हादसे में एक युवक को हल्की चोटें आई हैं। जबकि, अन्य चार घायलों को मामूली चोटें होने की सूचना है।
बीडी पांडे अस्पताल के डॉक्टर विनोद कुमार ने बताया है कि जिस महिला को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था, उसके सिर, हाथ, पांव में गंभीर चोट है। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि घायल महिला पर्यटक का नाम पुष्पलता है, जो झारखंड के नलीफ तोशी की रहने वाली है। वो अपने मंगेतर राकेश के साथ कैंची धाम जा रही थी। राकेश उत्तराखंड के भिकियासैंण में निजी बैंक में मैनेजर है। उधर, दो अन्य घायल भी निजी वाहन के माध्यम से उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि दूसरी कार में चार लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।