चम्पावत पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 75 लाख रुपये की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
चम्पावत। उत्तराखंड सरकार के “ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान” के तहत चम्पावत पुलिस को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने टनकपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 253 ग्राम स्मैक (हेरोइन) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 75 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। मामले में एक अन्य पीलीभीत निवासी नामजद आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि जनपद पुलिस द्वारा ऑपरेशन प्रहार के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 जून को क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली टनकपुर और एसओजी की संयुक्त टीम ने टनकपुर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान मनिहारगोठ क्षेत्र में रेलवे पटरी के समीप मोटरसाइकिल पर बैठे एक संदिग्ध युवक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 253 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तस्लीम मंसूरी (21 वर्ष) पुत्र सलीम मंसूरी निवासी वार्ड नंबर-6, मीना बाजार, बनबसा, जनपद चम्पावत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 253 ग्राम स्मैक, बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 900 रुपये नगद तथा एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक को पीलीभीत जिले के टाटरगंज निवासी हैरी सिंह से लाकर नशे के आदी युवकों को बेचता था। मामले में नामजद आरोपी हैरी सिंह की तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/21/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। चम्पावत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नशा तस्करों के नेटवर्क के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री अथवा सेवन से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस या हेल्पलाइन नंबर 1933 (मानस) पर दें, ताकि नशामुक्त चम्पावत और नशामुक्त उत्तराखण्ड के लक्ष्य को साकार किया जा सके।
पुलिस टीम में निरीक्षक चेतन रावत, प्रभारी कोतवाली टनकपुर, उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, प्रभारी SOG, उपनिरीक्षक पूरन सिंह कोतवाली टनकपुर,
उपनिरीक्षक तेज कुमार कोतवाली टनकपुर, उपनिरीक्षक प्रकाश भट्ट SOG, मुख्य आरक्षी ललित श्रीवास्तव, नासिर हुसैन, तपेन्द्र जोशी, महेन्द्र डंगवाल, आरक्षी उमेश राज SOG, आरक्षी दीपक कुमार, कोतवाली टनकपुर शामिल रहे।

