चम्पावत : कराटे में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिलाधिकारी ने किया सम्मानित, करियर गाइड और विज्ञान की बारीकियां भी समझाईं
चम्पावत। गत 08 से 10 मई 2026 तक देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में चम्पावत जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सात स्वर्ण पदकों सहित कुल 17 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर कई खिलाड़ियों का चयन आगामी 03 जून से 07 जून 2026 तक देहरादून में आयोजित होने वाली नेशनल कराटे चैंपियनशिप के लिए हुआ है।


नेशनल प्रतियोगिता हेतु चयनित खिलाड़ियों को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सम्मानित करते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनपद के खिलाड़ियों ने अनुशासन, कठिन परिश्रम और प्रतिभा के बल पर प्रदेश स्तर पर चम्पावत का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
इस दौरान जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों से उनके करियर गोल एवं भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों को खेलों के साथ-साथ शिक्षा एवं विज्ञान के महत्व के बारे में भी प्रेरित किया तथा विज्ञान की बारीकियों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को खेल और शिक्षा के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भावना अधिकारी, अनामिका विष्ट, आभास वर्मा, ऋषभ ढेक, पार्थ बिष्ट एवं प्रज्ञान साह ने स्वर्ण पदक जीतकर नेशनल प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह सुनिश्चित की। वहीं स्वर्ण पदक विजेता प्राची ओली एवं प्राची थापा को भी जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कराटे कोच दीपक अधिकारी को भी जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सांची मुरारी, हर्षिता अधिकारी, हार्दिक तथा चित्रा गहतोड़ी ने रजत पदक प्राप्त किए। इसके अतिरिक्त प्रिंस वोहरा, नताली गड़कोटी, हर्षिता, प्रज्ञान साह एवं जतिन जोशी ने कांस्य पदक हासिल किया था। इस दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह बिष्ट सहित अन्य अधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

