उधमसिंह नगरक्राइमनवीनतम

सेना के जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत! एक महीने की छुट्टी पर घर आए थे भवान सिंह भंडारी

ख़बर शेयर करें -

लेह-लद्दाख से अवकाश पर लौटे थे, देर रात बिगड़ी तबीयत; अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर शहर की किरतपुर स्थित एकता विहार कॉलोनी में भारतीय सेना के एक जवान की अचानक मौत से शोक की लहर दौड़ गई। देर रात तबीयत बिगड़ने पर परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Ad Ad

मृतक की पहचान भवान सिंह भंडारी (43) पुत्र शिव सिंह भंडारी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग क्षेत्र के निवासी थे और वर्तमान में रुद्रपुर के एकता विहार कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहे थे। भवान सिंह भारतीय सेना की 274 फील्ड रेजीमेंट में तैनात थे। उनकी हालिया पोस्टिंग लेह-लद्दाख में थी। वहां से एक महीने की छुट्टी पर घर आए थे और अवकाश समाप्त होने के बाद उनकी अगली तैनाती राजस्थान में होनी थी। परिजनों के अनुसार, शनिवार देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जवान की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

भवान सिंह भंडारी अपने पीछे पत्नी हेमा देवी, 17 वर्षीय पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। पुत्र इंटरमीडिएट का छात्र है, जबकि पुत्री हाईस्कूल में पढ़ाई कर रही है। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य के निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही रिश्तेदार, परिचित और स्थानीय लोग उनके घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करने लगे।

कोतवाल प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह डिमरी ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है। प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। यदि जांच में कोई संदिग्ध तथ्य सामने आता है तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले को प्राकृतिक अथवा चिकित्सकीय कारणों से हुई मृत्यु के दृष्टिकोण से भी देख रही है। सेना के जवान की असमय मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।