नवीनतमपिथौरागढ़हादसा

पिता की आंखों के सामने गोरी नदी में बह गया इकलौता बेटा, दूसरे दिन भी नहीं मिला 9 वर्षीय रियांश का सुराग

ख़बर शेयर करें -

बेटे को बचाने के लिए पिता ने उफनती नदी में लगाई छलांग, लेकिन तेज बहाव के आगे रहे बेबस; SDRF, NDRF और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी

पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के बंगापानी क्षेत्र से एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है। गोरी नदी के तेज बहाव में बहकर लापता हुए नौ वर्षीय रियांश का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया। लगातार चल रहे रेस्क्यू अभियान के बावजूद शनिवार देर शाम तक मासूम का पता नहीं चल सका। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार बंगापानी तहसील के तोली गांव निवासी रियांश (9) गुरुवार शाम अपने पिता नवीन राम के साथ किसी काम से गोरी नदी के किनारे गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह उफनती नदी में जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नदी का बहाव इतना तेज था कि बच्चे को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

बेटे को नदी में बहता देख पिता नवीन राम ने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने बेटे तक पहुंचने की भरसक कोशिश की, लेकिन तेज धारा के सामने उनकी कोशिशें नाकाम रहीं और देखते ही देखते रियांश उनकी आंखों से ओझल हो गया। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। नवीन राम बार-बार यही कह रहे हैं कि काश वह अपने बेटे को बचा पाते। रियांश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी तीन बड़ी बहनें हैं। इस घटना के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि तोली गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

घटना के बाद शुक्रवार सुबह से पुलिस, राजस्व विभाग, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने बड़े स्तर पर खोज अभियान शुरू किया। गोरी नदी के किनारे-किनारे कई किलोमीटर तक सघन तलाशी ली गई और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में भी खोजबीन की गई, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिल सकी। आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नदी का तेज बहाव और लगातार बदलता मौसम रेस्क्यू अभियान में बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसके बावजूद सभी एजेंसियां समन्वय के साथ लगातार तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब तक बालक का पता नहीं चल जाता, तब तक खोज अभियान जारी रहेगा। स्थानीय लोगों के अनुसार रियांश बेहद चंचल और मिलनसार स्वभाव का बच्चा था। उसके अचानक लापता होने से पूरे गांव में शोक का माहौल है और सभी लोग मासूम के जल्द से जल्द मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।