क्राइमनवीनतमनैनीताल

पत्नी पर था अवैध संबंध का शक, पति ने पत्थर से कुचलकर की निर्मम हत्या

ADVERTISEMENTS Ad
ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। महानगर के बनभूलपुरा क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अवैध संबंध के शक में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। उसने पत्नी का सिर पत्थर मार कर कुचल दिया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया में घटना घरेलू विवाद और अवैध संबंधों के शक के चलते घटित मालूम हो रही है। फिलहाल पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है।

घटना बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के 13 बीघा, पानी की टंकी के पास की है। जहां एक व्यक्ति अपनी 35 वर्षीय पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि व्यक्ति को काफी समय से अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, इसी को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ महीनों से विवाद चल रहा था। गुरुवार को दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपी इंतजार ने गुस्से में आकर घर के बाहर रखा पत्थर उठाया और पत्नी के सिर पर कई बार वार कर दिया। पत्नी के जमीन पर गिरने के बाद भी वह उस पर वार करता रहा, महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आरोपी को पकड़ लिया। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

Ad Ad

सूचना मिलते ही बनभूलपुरा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच में पाया कि महिला के सिर की हड्डियां कई जगह से टूट चुकी थीं। हालत गंभीर होने पर उसे एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना की फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि प्रथम दृष्टया में घटना घरेलू विवाद और शक के चलते घटित मालूम हो रही है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Ad Ad