युवती का पीछा और घर में घुसने की कोशिश करने वाला युवक गिरफ्तार, कुंडली खंगालने पर पुलिस का ठनका माथा
देहरादून। लड़कियों के साथ छेड़छाड़, डराने,पीछा करने वाले आरोपी को थाना क्लेमेंटाउन पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी द्वारा लडकियों का पीछा करने, घरों में घुसकर ताका झांकी करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसके बाद एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करने के थाना क्लेमेंटाउन को निर्देश दिए थे। साथ ही गिरफ्तार आरोपी पर पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं।
24 अप्रैल को पीड़िता निवासी प्रताप मार्ग सुभाष नगर क्लेमेंटाउन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक द्वारा अक्टूबर 2025 से अब तक क्षेत्र में निवासरत लड़कियों के साथ कई बार छेड़छाड़, डराने, पीछा करने और घर में घुसकर ताका झांकी करता है। 18 अप्रैल को सुबह पीड़िता के ड्यूटी से घर आने पर लड़के ने पीड़िता का घर तक पीछा कर, घर की दीवार फांदकर कमरे में घुसने का प्रयास किया। पीड़िता ने संदिग्ध युवक द्वारा पहले इस प्रकार की घटनाएं अन्य लडकियों के साथ भी करने, जिनकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के संबंध में बताया था। पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात युवक के खिलाफ थाना क्लेमेंटाउन पर मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं 18 अप्रैल का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसएसपी ने घटना को संज्ञान में लेकर थाना क्लेमेंटाउन को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया। जिसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में जानकारी जुटाई ओर सीसीटीवी कैमरों को भी चैक किया गया। जिसके बाद मुखबिर की सूचना पर आरोपी सोहेब हुसैन को क्लेमेंटाउन क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। थाना क्लेमेंटाउन प्रभारी मोहन सिंह ने बताया है कि गिरफ्तार आरोपी गाड़ी चलाता है और नशे का आदि है।
आरोपी रात में लड़कियों का पीछा करके मौका पाकर उनके घर में घुसकर लड़कियों के कमरों और वॉशरूम के खिड़की/रोशनदानों से ताका झांकी करता था। साथ ही आरोपी द्वारा पहले में भी इस प्रकार की घटनाएं की गई थी और आरोपी पर पहले से कोतवाली पटेल नगर में दो मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी है। कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

