मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम आज 5 साल का कार्यकाल, 9 जुलाई को बनाएंगे सबसे लंबे कार्यकाल वाले सीएम का रिकॉर्ड
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार, 4 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री के रूप में अपने लगातार पांच वर्ष पूरे कर लिए। इसके साथ ही वह भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं जिन्होंने राज्य में पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा किया है। वहीं 9 जुलाई को वह पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय एन.डी. तिवारी का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए उत्तराखंड के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता बन जाएंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने 4 जुलाई 2021 को पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उनके नेतृत्व में 47 सीटों पर जीत दर्ज की। हालांकि धामी खटीमा सीट से चुनाव हार गए थे, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए दोबारा मुख्यमंत्री बनाया। बाद में उन्होंने चम्पावत विधानसभा उपचुनाव जीतकर विधानसभा की सदस्यता हासिल की।

धामी सरकार के प्रमुख फैसले
पांच वर्षों के कार्यकाल में धामी सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिनकी राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा हुई। इनमें समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करना, सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून में संशोधन, सशक्त भू-कानून, महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, तथा उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम लागू करना प्रमुख हैं।
सरकार का दावा है कि पिछले पांच वर्षों में 10 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया तथा 200 से अधिक भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। साथ ही 31 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गईं, जिन्हें बढ़ाकर 36 हजार से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है।
आपदाओं में सक्रिय नेतृत्व
धामी सरकार के कार्यकाल में जोशीमठ भू-धंसाव, सिलक्यारा टनल हादसा, धराली और केदारनाथ जैसी प्राकृतिक आपदाएं बड़ी चुनौती बनकर सामने आईं। इन घटनाओं के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करते रहे।
राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान
मुख्यमंत्री धामी के कार्यकाल में वर्ष 2023 में उत्तराखंड में जी-20 की बैठकों का सफल आयोजन हुआ। इसके अलावा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.57 लाख करोड़ रुपये के निवेश संबंधी एमओयू हुए, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर कार्य शुरू होने का दावा किया गया है।
उत्तराखंड ने 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफल मेजबानी भी की, जिसकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई राष्ट्रीय नेताओं ने सराहना की।
राजनीतिक चर्चा और नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें
पांच वर्षों के दौरान समय-समय पर नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं भी राजनीतिक गलियारों में उठती रहीं, लेकिन भाजपा नेतृत्व ने लगातार मुख्यमंत्री धामी पर भरोसा बनाए रखा। अब भाजपा संगठन 4 से 10 जुलाई तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी कर रहा है।
क्या बोले मुख्यमंत्री धामी?
अपने कार्यकाल को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनके लिए यह किसी रिकॉर्ड या प्रतिस्पर्धा का विषय नहीं है।
“मुझसे पहले प्रदेश के जितने भी मुख्यमंत्री रहे, वे सभी अनुभव और आयु में मुझसे बड़े थे। मैंने सभी से बहुत कुछ सीखा है। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय एन.डी. तिवारी का भी विशाल अनुभव था। जब मैं मुख्यमंत्री बना, तब मैं राजनीति में अपेक्षाकृत नया था। इसलिए इसे किसी रिकॉर्ड या प्रतिस्पर्धा के रूप में नहीं देखता, बल्कि इसे सीखने और जनता की सेवा का अवसर मानता हूं।”

