चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमराजनीति

पीएम मोदी के नेतृत्व में आज भारत विश्व गुरु बनने की राह पर अग्रसर : सुरेश जोशी

ख़बर शेयर करें -

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण: चम्पावत भाजपा कार्यालय में उपलब्धियों को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित

चम्पावत। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के बारह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज यहां भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस वार्ता के मुख्य वक्ता प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी रहे। उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की दृढ़ इच्छा शक्ति के कारण ही आज देश में अनेकों महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित होकर गरीबी उन्मूलन और समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के उत्थान का कार्य कर रही हैं।

Ad Ad

श्री जोशी ने कहा कि आयुष्मान और उज्ज्वला जैसी योजनाओं के माध्यम से वंचित तबके को मुख्यधारा से जोड़कर मध्यम वर्ग की श्रेणी में लाने का ऐतिहासिक कार्य हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि जन-कल्याणकारी योजनाओं को 100 प्रतिशत धरातल पर उतारने के परिणामस्वरूप आज भारत विश्व गुरु बनने की राह पर अग्रसर है। वैश्विक मंच पर देश के सर्वोच्च स्थान का जिक्र करते हुए उन्होंने कोरोना काल की चुनौतियों का विशेष रूप से उल्लेख किया, जिसके दौरान सरकार ने आम जनता को स्वास्थ्य सुविधाएं और गरीबों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराया। प्रदेश प्रवक्ता ने आगे कहा कि सड़क से लेकर हवाई यात्रा तक की सुविधाओं को आम आदमी के लिए सुलभ बनाना मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। जन उत्थान के लिए प्रतिबद्ध इसी कार्यशैली का परिणाम उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार के गठन के रूप में बताया।

वरिष्ठ नेता जोशी ने कहा कि मोदी सरकार ने आधारभूत ढांचे के सशक्तिकरण, मुद्रा लॉन, रोजगार के नए अवसर, जल जीवन शौचालय, ऊर्जा सुरक्षा, जनधन खाते, उज्जवला, आयुष्मान, डिजिटल भारत, आधुनिक तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग, पीएम कल्याण योजना सहित ढेरों ऐसी योजना बनाई हैं, जिससे आम लोगों के जीवन में सुधार हुआ है। 12 साल की अवधि में जन सहभागिता और कल्याणकारी योजनाओं से 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर किया है। कहा कि अर्थव्यवस्था में सुधार से लेकर देश के बाहर भारत की छवि को बनाया है। मीडिया संयोजक राजू गड़कोटी के संचालन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडेय, दर्जा राज्यमंत्री हेमा जोशी, पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय सहित सभासद प्रेमा चिलकोटी, मणिप्रभा तिवारी, राजेंद्र गड़कोटी, प्रकाश बोहरा, नीरज बोहरा, सौरभ नयाल, भानु तड़ागी समेत कई अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।