गूगल मैप के भरोसे कैंची धाम जा रहे थे यूपी के पर्यटक, चम्पावत में खाई में गिरी कार; एक की मौत, चार घायल
गलत लोकेशन के चलते टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचे गोंडा के पांच युवक, बस्टियागूंठ के पास 25 मीटर गहरी खाई में लुढ़की कार
चम्पावत। गूगल मैप के भरोसे सफर कर रहे उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के पांच लोगों की यात्रा रविवार तड़के दर्दनाक हादसे में बदल गई। कैंची धाम जाने के लिए निकले युवकों की कार टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वाला-धौन के पास बस्टियागूंठ में अनियंत्रित होकर करीब 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अजीत कुशवाहा (27) पुत्र आनंद जी कुशवाहा निवासी गोंडा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग मामूली रूप से घायल हो गए। कार खाई में एक पेड़ पर अटक गई थी, जबकि अजीत कार से छिटककर गहरी खाई में जा गिरा। घायलों में अमित शुक्ला (32) को जिला अस्पताल में उपचार दिया गया। अन्य घायलों में कार चालक आशीष श्रीवास्तव (37), अंशुमान कुशवाहा (25) और विकास गिरी (30) शामिल हैं।

हादसे की सूचना पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम बीसी पंत ने स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम के साथ ही भाजपा जिला उपाध्यक्ष कैलाश सिंह अधिकारी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल अमित शुक्ला का हालचाल जाना। कोतवाल दीवान सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.देवेश चौहान के अनुसार परिजन चम्पावत पहुंच गए थे और रात में ही पोस्टमार्टम कराने के लिए चिकित्सकों की टीम मोर्चरी में मौजूद रही। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। झपकी आने या किसी अन्य कारण से कार अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है।

हादसे के पीछे एक चौंकाने वाली वजह गलत लोकेशन भी सामने आई है। कार चालक आशीष श्रीवास्तव के मुताबिक, सभी लोग कैंची धाम जाने के लिए निकले थे और गूगल मैप के जरिए रास्ता तलाश रहे थे। गलत लोकेशन मिलने के कारण वे रास्ता भटक गए और हल्द्वानी से नैनीताल की ओर जाने के बजाय टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच गए। सवाल यह भी है कि नैनीताल जिले में स्थित कैंची धाम जाने वाले पर्यटक आखिर चम्पावत तक कैसे पहुंच गए। गौरतलब है कि इससे पहले भी गूगल मैप पर गलत लोकेशन के चलते कैंची धाम जाने वाले कई पर्यटक चम्पावत पहुंच चुके हैं। यह हादसा एक बार फिर डिजिटल नेविगेशन पर आंख मूंदकर भरोसा करने के बजाय यात्रा मार्ग की पुष्टि करने की जरूरत को रेखांकित करता है।


