नैनीताल में ट्रैफिक व्यवस्था होगी और सख्त, 1 अगस्त से मॉल रोड बनेगा ‘नो हॉर्न जोन’
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल की यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और पर्यटक-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने कई अहम फैसले लिए हैं। कुमाऊं मंडलायुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में शहर के ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इनमें सबसे बड़ा फैसला 1 अगस्त 2026 से मॉल रोड पर वाहनों के हॉर्न बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने का है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना सहित सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि नैनीताल देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण है और मॉल रोड शहर की पहचान है। यहां आने वाले पर्यटक शांत वातावरण में प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचते हैं, लेकिन वाहनों के अनावश्यक हॉर्न से ध्वनि प्रदूषण बढ़ने के साथ पर्यटकों का अनुभव भी प्रभावित होता है। इसी को देखते हुए मॉल रोड को ‘नो हॉर्न जोन’ घोषित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी करने के साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को नए नियमों की पहले से जानकारी मिल सके।

झील के चारों ओर नो-पार्किंग व्यवस्था होगी सख्त
बैठक में नैनी झील के चारों ओर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक पूरे मार्ग को प्रभावी नो-पार्किंग जोन के रूप में लागू करने का फैसला लिया गया। पुलिस और परिवहन विभाग को सड़क किनारे अनियंत्रित पार्किंग पर सख्ती से रोक लगाने और नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे जाम की समस्या पर नियंत्रण पाया जा सके।
फिटनेस प्रमाणपत्र के बिना वाहन होंगे सीज
सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग और पुलिस को संयुक्त अभियान चलाकर बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र वाले सरकारी और निजी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे वाहनों को तत्काल सीज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अवैध टैक्सी संचालन पर भी कसेगा शिकंजा
बैठक में निजी वाहनों से अवैध रूप से टैक्सी संचालन के बढ़ते मामलों पर भी चिंता जताई गई। परिवहन विभाग और पुलिस को संयुक्त अभियान चलाकर ऐसे वाहनों की पहचान करने, चालान करने और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
रूसी बाईपास बनेगा आधुनिक पार्किंग हब
पर्यटकों की बढ़ती संख्या और शहर में पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए रूसी बाईपास को आधुनिक पार्किंग हब के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी नैनीताल को निर्माण एजेंसी का चयन कर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रस्तावित पार्किंग में शौचालय, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, दुकानें, सीसीटीवी निगरानी सहित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि पर्यटकों को शहर में प्रवेश से पहले ही बेहतर पार्किंग सुविधा मिल सके।
हाईकोर्ट के निर्देशों का होगा शत-प्रतिशत पालन
मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्णयों पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इन कदमों से नैनीताल की यातायात व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी, ध्वनि एवं यातायात प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

