टनकपुर-खटीमा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, टैक्सी चालक की मौत, ट्रैक्टर सवार दंपति घायल
टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह सेल टैक्स चौकी के समीप हुए एक भीषण सड़क हादसे में टैक्सी चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर सवार दंपति घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फागपुर से टनकपुर की ओर आ रही टैक्सी कार संख्या UK05 TA 4368 अचानक अनियंत्रित होकर टनकपुर से खटीमा की ओर जा रहे ट्रैक्टर संख्या UK26 L 1466 के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के लोग आवाज सुनकर तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद टैक्सी चालक हरीश पुत्र मोहन सिंह (34 वर्ष), निवासी डीडीहाट, पिथौरागढ़ को वाहन से बाहर निकाला। वहीं ट्रैक्टर पर सवार दयाराम पुत्र लीलाराम (55 वर्ष) तथा उनकी पत्नी रामवती (50 वर्ष) टक्कर के बाद उछलकर सड़क किनारे जंगल की ओर जा गिरे और घायल हो गए।


सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. नोनीहाल सिंह ने टैक्सी चालक हरीश को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल दंपति का उपचार जारी है। परिजनों के अनुसार, हरीश शुक्रवार देर शाम डीडीहाट से सवारी लेकर फागपुर पहुंचे थे और शनिवार सुबह अकेले वापस डीडीहाट लौट रहे थे। इसी दौरान बिचई स्थित सेल टैक्स चौकी के पास यह हादसा हो गया। मृतक अपने पीछे माता-पिता, पत्नी नीतू तथा दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस द्वारा पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। वहीं डॉ. नोनीहाल सिंह ने बताया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चल सकेगा।


