दर्दनाक सड़क हादसा : खाई में गिरा कृषि उपकरणों से भरा कैंटर; चालक की मौत, तीन घायल
नैनीताल। ओखलकांडा क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कृषि विभाग के उपकरण लेकर जा रहा कैंटर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सहायक कृषि अधिकारी समेत तीन लोग घायल हो गए।
हादसा सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार कैंटर कृषि विभाग के उपकरण लेकर ओखलकांडा क्षेत्र में जा रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में कैंटर चालक कमल जोशी की गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही मौत हो गई।
सहायक कृषि अधिकारी समेत तीन घायल
हादसे में सहायक कृषि अधिकारी दीवान सिंह मेहता, रोहित कुमार और पंकज बिष्ट घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को ओखलकांडा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। घायलों की स्थिति को देखते हुए सहायक कृषि अधिकारी दीवान सिंह मेहता और पंकज बिष्ट को बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी के एसटीएच रेफर किया गया है। वहीं रोहित कुमार का भी उपचार किया जा रहा है।

मंत्री ने दिए मुआवजे के निर्देश
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गए। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा भी घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके के लिए रवाना हुए। उन्होंने जिला प्रशासन को मृतक चालक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
कैंटर चालक की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से दुर्घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

