चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमशिक्षा

चम्पावत की बेटी डॉ. सानिका महर ने बढ़ाया जिले का मान, NEET-PG में AIR 155 के साथ एम्स नागपुर में एमडी के लिए चयनित

ख़बर शेयर करें -

न्यूक्लियर मेडिसिन में करेंगी एमडी, शानदार सफलता पर जिले में खुशी की लहर

चम्पावत। उत्तराखंड के चम्पावत की प्रतिभाशाली बेटी डॉ. सानिका महर ने अपनी शानदार उपलब्धि से प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया है। एमबीबीएस और इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद उन्होंने पीजी प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 155 हासिल की है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन एम्स नागपुर में एमडी (न्यूक्लियर मेडिसिन) के लिए हुआ है।

Ad Ad

डॉ. सानिका महर की इस उपलब्धि पर पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। डॉ. सानिका के पिता सुरेश सिंह महर आकाशवाणी देहरादून में सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता सावित्री महर आकाशवाणी अल्मोड़ा में अपनी सेवाएं दे रही हैं। उनके भाई डॉ. सुयश महर फेसबुक (मेटा) में वैज्ञानिक (Scientist) के रूप में कार्यरत हैं।

डॉ. सानिका की सफलता को क्षेत्र के लोगों ने युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है। उनका कहना है कि यह उपलब्धि साबित करती है कि कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट सफलता हासिल की जा सकती है। डॉ. सानिका महर की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, पारिवारिक मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें एवं उनके परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।