देहरादून में दर्दनाक सड़क हादसा, मिक्सर ट्रैक्टर की चपेट में आई बीटेक छात्रा की मौत
देहरादून। क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय बीटेक छात्रा की मौत हो गई। चार खंबा चौक के पास पैदल जा रही छात्रा को पीछे से आए मिक्सर ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद छात्रा ट्रैक्टर के नीचे आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही क्लेमेंटटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को एंबुलेंस की मदद से वेलमेड अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बहन के साथ कमरे की ओर जा रही थी छात्रा
पुलिस के अनुसार हादसा रविवार रात करीब 8:45 बजे हुआ। मृतका की पहचान वैष्णवी रावत (18) पुत्री प्रदीप सिंह रावत, निवासी पटेलनगर, शादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास, दिल्ली के रूप में हुई है। वैष्णवी देहरादून स्थित ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में बीटेक प्रथम वर्ष की छात्रा थी। हादसे के समय वैष्णवी अपनी बड़ी बहन कृतिका रावत के साथ चार खंबा चौक से पैदल अपने कमरे की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए मिक्सर ट्रैक्टर ने वैष्णवी को टक्कर मार दी और वह उसके नीचे आ गई।
चालक और मिक्सर ट्रैक्टर हिरासत में
क्लेमेंटटाउन थाना पुलिस ने मिक्सर ट्रैक्टर संख्या UP 12 BF 7297 और उसके चालक को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी मोहन सिंह के मुताबिक, परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। रात अधिक होने के कारण पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई अगले दिन की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

