भिंगराड़ा में विकास कार्यों और महिला सशक्तिकरण को मिल रहा शासन-प्रशासन का सहयोग: ग्राम प्रधान गीता भट्ट
चम्पावत। ग्राम पंचायत भिंगराड़ा की ग्राम प्रधान गीता भट्ट ने क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों तथा महिला सशक्तिकरण के लिए जिला प्रशासन और राज्य सरकार के सहयोग पर आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से ग्राम पंचायत में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी ढंग से क्रियान्वित हो रही हैं।
ग्राम प्रधान ने कहा कि ग्राम पंचायत भिंगराड़ा के विकास कार्यों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी मनीष कुमार का लगातार सकारात्मक सहयोग प्राप्त हो रहा है। उनके अनुसार, इसी सहयोग के चलते क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं और लोककल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है, जिससे ग्रामीण विकास को गति मिली है।
गीता भट्ट ने यह भी कहा कि कुछ लोगों द्वारा तथ्यों की पुष्टि किए बिना भ्रामक और आधारहीन जानकारियां प्रसारित की जा रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से नैनीताल बैंक मार्ग के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत कार्य को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही उन चर्चाओं का खंडन किया, जिनमें दावा किया जा रहा है कि यह कार्य बिना प्रशासनिक सहयोग के कराया जा रहा है। उन्होंने इसे पूरी तरह असत्य और भ्रामक बताया।
ग्राम प्रधान ने कहा कि ग्राम पंचायत में महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम अब ग्रामीण क्षेत्र में दिखाई देने लगे हैं और महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत भविष्य में भी शासन और प्रशासन के सहयोग से विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए कार्य करती रहेगी।

