टिहरीनवीनतमपौड़ीहादसा

उत्तराखंड में दो दर्दनाक सड़क हादसे, पर्यटक समेत मासूम बच्ची की मौत

ख़बर शेयर करें -

पौड़ी/टिहरी। उत्तराखंड में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक पर्यटक और डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहला हादसा पौड़ी जिले के गुमखाल-सतपुली मार्ग पर हुआ, जहां बोलेरो वाहन पर पहाड़ी से विशाल बोल्डर गिर गया। वहीं दूसरा हादसा टिहरी जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक के पीछे फिसलने से हुआ।

बोलेरो पर गिरा विशाल बोल्डर, पर्यटक की मौत

पौड़ी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-534 पर गुमखाल और सतपुली के बीच निर्माण कार्य के दौरान सतपुली मल्ली के पास अचानक पहाड़ी से विशाल बोल्डर गिरकर कोटद्वार से सतपुली जा रही बोलेरो पर आ गिरा। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दिल्ली के केशवपुरम निवासी 45 वर्षीय श्रीकांत पुत्र माधवन की मौके पर ही मौत हो गई।

Ad Ad

हादसे में 60 वर्षीय शरणजीत भगवान सिंह (जहांगीरपुरी, दिल्ली) और 40 वर्षीय उदय पुत्र रतन (पश्चिम बंगाल) गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल को स्थानीय लोगों और राहत दल ने बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जबकि दूसरे को वाहन में फंसे होने के कारण एसडीआरएफ ने कटर मशीन से बोलेरो काटकर सुरक्षित बाहर निकाला। तीनों पर्यटक दिल्ली से उत्तराखंड घूमने आए थे।

हादसे के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य चलाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।

ट्रक की चपेट में आने से डेढ़ साल की बच्ची की मौत

दूसरा हादसा टिहरी जिले के मूल्यागांव के पास ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। पानीपत से श्रीनगर गेहूं लेकर जा रहा एक ट्रक चढ़ाई पर अचानक पीछे की ओर फिसलने लगा। उसके पीछे चल रहे दूसरे ट्रक चालक ने भी वाहन पीछे करना शुरू कर दिया।

इसी दौरान बाइक पर सवार अंकित अपनी पत्नी और डेढ़ वर्षीय बेटी नौनी के साथ वहां से गुजर रहे थे। अचानक ट्रकों के पीछे आने से वे संभल नहीं पाए और उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में मासूम नौनी ट्रक के अगले पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद गेहूं से लदा ट्रक सड़क पर पलट गया, जिससे ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए बेस अस्पताल श्रीकोट भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।