NBW में वांछित दो वारंटी गिरफ्तार, टनकपुर पुलिस ने घर से दबोचा
टनकपुर/चम्पावत। वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली टनकपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैर-जमानती वारंट (NBW) में वांछित दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों को उनके घर से गिरफ्तार कर पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी टनकपुर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली टनकपुर चेतन रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 27 सितंबर 2026 को लगातार निगरानी और प्रयास के बाद दोनों वारंटियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में पवन कुमार पुत्र लालाराम, निवासी खच्चर पड़ाव, वार्ड नंबर-3, टनकपुर शामिल है। उसके खिलाफ धारा 83 पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। दूसरा गिरफ्तार अभियुक्त योगेश आर्य पुत्र भीमराव आर्य, निवासी बोहरागोठ, टनकपुर है। उसके खिलाफ धारा 380, 457, 411, 427 और 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक तेज कुमार, उपनिरीक्षक अकरम अहमद, हेड कांस्टेबल रामलाल और कांस्टेबल महेश चंद्र जोशी शामिल रहे। पुलिस ने कहा है कि जनपद में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

